कासगंज के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रंगजी दुबे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग जल्द ही जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर कंडोम बॉक्स लगाने जा रहा है। यहां से कोई भी व्यक्ति कंडोम ले जा सकेगा। विभाग इसका कोई हिसाब किताब भी नहीं रखेगा।
बताया गया है कि जिले में आज भी काफी संख्या में ऐसे दंपत्ति हैं, जो परिवार नियोजन कार्यक्रम को नहीं अपनाते। जिससे जनसंख्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा। बच्चों के जन्म के बीच में अंतर को भी प्राथमिकता नहीं दी जाती। जबकि शासन से परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत बड़ी मात्रा में कंडोम उपलब्ध कराए जाते हैं। विभाग समय पर इनका वितरण भी कराता है।
इसके बाद भी काफी संख्या में लोग ऐसे हैं, जो झिझक के चलते कंडोम नहीं लेते। वे बाजार से भी खरीदने में संकोच करते हैं। विभाग ने ऐसे लोगों के लिए नया तरीका निकाला है। जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर कंडोम बॉक्स स्थापित किए जाएंगे। इसमें प्रचुर मात्रा में कंडोम रखे जाएंगे। जिससे कोई भी व्यक्ति अपनी जरूरत के हिसाब से इनको ले जा सके।